अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद आतंकवादी लगातार घाटी सहित देश का माहौल खराब करने की फिराक में जुटे हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों को ऐसे इनपुट मिले हैं कि आतंकवादी जम्मू-कश्मीर सहित देश के कई राज्यों में आतंकी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। इन राज्यो में जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, पंजाब व उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
बता दें कि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के कात्रासू इलाके में मंगलवार रात लगभग नौ बजे आतंकियों ने एक जघन्य हमले में पांच गैर प्रांतीय मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि एक मजदूर जहीरूद्दीन गंभीर रूप से घायल है। यह सभी मजदूर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले हैं।
उधर कश्मीर घाटी के अनंतनाग और बारामूला जिले में सोमवार को आतंकियों ने ताबड़तोड़ कई वारदातों को अंजाम दिया। बिजबिहाड़ा में रात को आतंकियों ने कटड़ा निवासी एक ट्रक चालक की हत्या कर दी, जबकि सोपोर में बस स्टैंड के नजदीक दो बार ग्रेनेड हमले किए।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा इलाके के कनीलवान इलाके में सोमवार रात आतंकियों ने इशारा कर दो ट्रकों को रोक लिया। ट्रक रुकने पर आतंकियों ने दोनों ट्रकों पर सवार छह लोगों को बाहर निकाल कर पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद एक चालक को गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक की शिनाख्त रियासी जिले के कटड़ा निवासी नारायण दत्त के रूप में की गई है। चालक के कुछ साथी मौके से जान भाग निकले। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दो लोगों को उसने बचा लिया।