जम्मू। जम्मू-कश्मीर तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने इंजीनियरिंग और नॉन इंजीनियरिंग डिप्लोमा प्रोग्राम की प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। पहली लिस्ट नॉन मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (एमएलटी) प्रोग्राम के अभ्यर्थियों की जारी की गई है, जबकि दूसरी केवल मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी के लिए चयनित अभ्यर्थियों की है। जो अभ्यर्थी पात्र नहीं पाए गए उनकी भी दो लिस्ट जारी की गई हैं।
तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव सुकेत गुप्ता ने बताया कि ये मेरिट लिस्ट जम्मू-कश्मीर तकनीकी शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट https://www.jksbotelive.com पर देखी जा सकती है। इन मेरिट लिस्ट को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से आपत्तियां नौ जून तक दर्ज कराई जा सकती हैं। वे अपनी आपत्ति jkboteadmission2025gmail.com पर भेज सकते हैं। अगर अभ्यर्थी चाहें तो अपनी आपत्ति व्यक्तिगत रूप से जम्मू-कश्मीर तकनीकी शिक्षा बोर्ड के जम्मू या श्रीनगर कार्यालय में डिप्टी रजिस्ट्रार के समक्ष उपस्थित होकर भी दर्ज करा सकते हैं।
आपको बता दें कि बोर्ड की तरफ से मेरिट लिस्ट के आधार पर ही जम्मू-कश्मीर या लद्दाख में स्थित सरकारी एवं प्राइवेट कॉलेजों के डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में दाखिला होगा।
गांधीनगर कालेज की छात्राओं ने जाना फोटोग्राफी का महत्व
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में पत्रकारिता और मीडिया अध्ययन विभाग की ओर से एक माह के लिए प्रशिक्षुता कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के तीसरे दिन बुधवार को सरकारी महिला कालेज गांधीनगर की छात्राओं को फोटोग्राफी के बारे में जानकारी दी गई। इंटर्नशिप कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर उमेश राय ने कहा कि दूरदर्शिता के अनुरूप अकादमिक ज्ञान तथा उद्योग की मांग के बीच की खाई को पाटने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रभावी फोटोग्राफी के लिए तकनीकी मीडिया जानकारी होना बहुत जरूरी है। इससे छात्रों को मीडिया के क्षेत्र में अपने कौशल को निखारने की प्रेरणा मिलती है। पत्रकारिता एवं मीडिया अध्ययन विभाग की प्रमुख प्रोफेसर गरिमा गुप्ता ने कहा कि उद्योग विशेषज्ञों के साथ ये बातचीत छात्रों को ऐसे पेशेवरों से सीखने का अनूठा अवसर प्रदान करती है। हमारा लक्ष्य छात्रों को आधुनिक मीडिया परिदृश्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। इस मौके पर प्रो. दुष्यंत कुमार राय, डॉ. प्रदीप सिंह बाली, डॉ. रामियान भारद्वाज व कुमेरजीत चजगोत्रा सदस्य मौजूद रहे।