जम्मू। रणबीर नहर में बह गए पटोली निवासी 33 वर्षीय युवक कमल का शव बुधवार दूसरे दिन 14 घंटे बाद घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी पर केनाल हेड के पास बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में गाड़ी को धुलते समय फिसलने के कारण वह नहर में गिर गया था। इससे उसकी मौत हो गई।
युवक को खोजने के लिए नहर का जलस्तर कम किया गया था। इसके बाद पुलिस और राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) ने अभियान चलाया था। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवारवालों को सौंप दिया गया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने बुधवार तड़के से ही तलाशी अभियान शुरू कर दिया था। सुबह सात बजे कैनाल हेड के पास शव मिल गया।
गत मंगलवार की शाम करीब पांच बजे कमल इको वाहन को रणबीर नहर में धुल रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर नहर में गिर गया था। उसे बचाने के लिए एक युवक ने नहर में छलांग भी लगाई थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।
कमल की मौत से परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी पत्नी और दो बच्चे भी हैं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है जब कोई व्यक्ति नहर में बहा हो। आए दिन लोग नहर किनारे वाहन धुलते हैं। इससे हादसों की आशंका बनी रहती है। प्रशासन को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।