चमत्कार का साक्षी है पत्थर साहिब गुरुद्वारा
वर्ष 1517 में तिब्बत और सिक्किम होते हुए गुरु साहिब लेह से करीब 25 किलोमीटर दूर पहुंचे थे। मान्यता है कि स्थानीय लोगों को प्रताड़ित करने वाले एक क्रूर राक्षस ने ध्यानमग्न गुरुजी पर पहाड़ी से विशाल चट्टान लुढ़काई थी, लेकिन गुरुजी के शरीर को छूते ही कठोर पत्थर मोम की तरह नरम हो गया और उनकी पीठ का आकार उसमें छप गया। गुस्से में पैर मारने पर राक्षस का पदचिह्न भी पत्थर में धंस गया, जिसके बाद उसने गुरुजी की शरण ली। सदियों तक बौद्ध लामाओं ने लामा नानक मानकर इस शिला को सहेजा। 1970 के दशक में सड़क निर्माण के दौरान बुलडोजर का ब्लेड टूटने और स्वप्न की घटना के बाद भारतीय सेना ने यहां भव्य गुरुद्वारा श्री पत्थर साहिब का निर्माण कराया।
मट्टन से पुरमंडल तक ज्ञान व विज्ञान का संदेश
कश्मीर के अनंतनाग स्थित मट्टन में गुरुजी ने संस्कृत विद्वान पंडित ब्रह्म दास का किताबी ज्ञान का अहंकार तोड़कर उन्हें पहला कश्मीरी अनुयायी बनाया। इसके अलावा श्रीनगर हरि पर्वत, पहलगाम, अमरनाथ और तोसामैदान की यात्रा कर साधुओं-फकीरों से संवाद किया। जम्मू शहर में तवी किनारे प्राचीन जामवंत गुफा (पीर खो) में रुककर उन्होंने बहते पानी का वैज्ञानिक सत्य समझाया और लोगों को अंधविश्वास से निकाला। वहीं, छोटा काशी पुरमंडल, मानसर, भद्रवाह, किश्तवाड़ और पुंछ तक सांप्रदायिक सद्भाव की अलख जगाई।
गुरुद्वारा मट्टन साहिब अनंतनाग।
- फोटो : सिख मिशन
जम्मू के धौंथली बाजार में है दुर्लभ धरोहर
सिख पंथ में जहां एक ओर मूर्ति पूजा वर्जित है, वहीं जम्मू के पंजतीर्थी (धौंथली बाजार) स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देवजी (पंचायत गुरुद्वारा) में आज भी एक अलग कक्ष में गुरु साहिब की लगभग 3 फीट ऊंची सफेद संगमरमर की प्रतिमा सुरक्षित है। डोगरा शासक महाराजा प्रताप सिंह के दौर में निर्मित यह स्थान देश के उन चुनिंदा ऐतिहासिक स्थलों में शामिल है, जहां 1870 के दशक के सुधार आंदोलनों के बाद भी यह प्राचीन धरोहर सहेज कर रखी गई है।
गुरु साहिब की शिक्षाएं समाज की मार्गदर्शक : संत तेजवंत सिंह
डेरा मुखी संतपुरा दन्ना जम्मू-कश्मीर के संत तेजवंत सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देवजी की जम्मू-कश्मीर और लद्दाख यात्राएं सर्वधर्म समभाव और मानवता की सबसे बड़ी मिसाल हैं। उन्होंने कहा, गुरु साहिब ने 500 साल पहले दुर्गम पहाड़ियों की पैदल यात्रा कर समाज को बाहरी आडंबरों व अंधविश्वास से बाहर निकाला। ‘’किरत करो, नाम जपो और वंड छको’’ का उनका सिद्धांत आज के दौर में भी शांति, एकता और भाईचारे का सबसे मजबूत आधार है। युवा पीढ़ी को इन ऐतिहासिक स्थलों से प्रेरणा लेकर मानव सेवा के मार्ग पर चलना चाहिए।