घाटी में कई दिग्गजों के पीडीपी का साथ छोड़ने के बाद पार्टी सुप्रीमो महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को जम्मू का दौरा कर संगठन की नब्ज टटोली। उन्होंने संगठन की मजबूती पर बल दिया। साथ ही आगामी लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव में जीत की रणनीति बनाई। महबूबा का यह दौरा सज्जाद लोन के नेतृत्व वाले पीपुल्स कांफ्रेंस की ओर से जम्मू संभाग में अपनी गतिविधियों को बढ़ाए जाने के बाद हुआ है।
गांधीनगर स्थित पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चुनाव पर मंथन किया गया। सूत्रों ने बताया कि बैठक में पार्टी प्रमुख ने यह संकेत दिए हैं कि पुराने चेहरों पर ही दांव लगाया जाएगा। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में जिन्हें टिकट दिया गया था उन्हें तैयारियां शुरू करने को कहा गया।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए महबूबा ने कहा कि घर-घर तक पहुंचने की कोशिश की जाए। जम्मू संभाग में पार्टी की पकड़ को मजबूत करने के लिए रणनीति बनाई गई। इसके तहत सभी जिला प्रमुखों को जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे अपनी टीम के साथ समाज के हर तबके तक पहुंचने की कोशिश करें।