पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि पीडीपी का गठन ही इसलिए हुआ था कि कश्मीर के लोगों को परेशानियों से निकाला जाए। जम्मू कश्मीर के मसले का समाधान निकाला जा सके। हमने क्रास एलओसी ट्रेड और बस सर्विस शुरू की।
पार्टी का एजेंडा कश्मीर मसले का हल निकालने के लिए सबसे अच्छा है। मुफ्ती साहब खुद तो नहीं रहे, लेकिन उन्होंने जो रास्ता दिखाया है उसके अलावा कोई और रास्ता नहीं है। भाजपा के साथ गठबंधन में जो एजेंडा था उसमें भी यही प्वाइंट थे। यहां का युवा बंदूक और पत्थर तब छोड़ेगा जब उसे कोई नई राह दिखाई जाएगी।
वह मंगलवार को हंदवाड़ा में चुनावी रैली को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतें हैं जो कश्मीर के विशेष दर्जे को हटाना चाहती हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए महबूबा ने कहा कि दो साल तक उन्होंने पूरी कोशिश की, लेकिन मैंने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया।
अमित शाह के अनुच्छेद 370 को पर दिए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, अमित शाह साहब आप शायद मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं। जो आप सोच रहे हो कि आप 370 को खत्म कर सकते हो।