पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को अपने दिल की बात कहने का भी अधिकार नहीं हैं। अगर कोई पत्रकार कुछ कहता है तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि देश के हर एक संस्थान को यह राजनीतिक दल तहस नहस करने में जुटा है। इसी तरह की कोशिश कश्मीर में परिसीमन के जरिए की जा रही है। भाजपा देश को गोडसे के हिंदुस्तान में तब्दील करने के प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
जम्मू-कश्मीर के लोगों को अपने दिल की बात कहने का भी अधिकार नहीं
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को अपने दिल की बात कहने का भी अधिकार नहीं है। परिसीमन आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। इससे भाजपा अपने निर्वाचन क्षेत्रों को मजबूत करना चाहती है। उनका मकसद बहुसंख्यक समुदायों को शक्तिहीन करना है। बजट के बारे में उन्होंने कहा कि इसमें आम इंसान को कुछ नहीं मिला है। केंद्र सरकार ने किसानों के बारे में कुछ नहीं किया। मध्य वर्ग को भी निराशा हाथ लगी है।
सरकार को आईना दिखाना भी राष्ट्र विरोधी कृत्य
महबूबा ने कर्नाटक में हिजाब विवाद की भी निंदा करते हुए कहा कि सरकार अलग-अलग धर्मों पर अपना फैसला नहीं थोप सकती क्योंकि हर धर्म की अपनी शिक्षाएं होती हैं और किसी को भी धार्मिक दायित्वों का पालन करने से परहेज करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता है। कश्मीर में पत्रकार की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि सच के साथ खड़ा होना अब राष्ट्र विरोधी हो गया है। सरकार को आईना दिखाना भी राष्ट्र विरोधी कृत्य है।