राजनाथ सिंह से मुलाकात करतीं महबूबा मुफ्ती
- फोटो : PTI
जम्मू-कश्मीर में शांति बहाली प्रक्रिया में खलल डालने और कश्मीरी पंडितों की वापसी के विरोध को लेकर अलगाववादियों को खरी खोटी सुनाने के बाद मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने वीरवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
गृह मंत्रालय में करीब 20 मिनट की इस मुलाकात में महबूबा ने राजनाथ को राज्य के हालात से अवगत कराया। सूत्रों के मुताबिक अनंतनाग सीट पर उपचुनाव के बारे में भी दोनों नेताओं में बातचीत हुई।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने इस सीट पर 19 जून की बजाय 22 जून को कराने के लिए चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। मुफ्ती मोहम्मद के निधन से खाली हुई सीट से महबूबा ने पर्चा भरा है। राज्य सरकार का तर्क है कि चूंकि 19 जून धार्मिक नेता काजी निसार की पुण्य तिथि है इसलिए उस दिन मतदान के दौरान दिक्कतें आ सकती हैं।
महबूबा ने राजनाथ सिंह से भी इस बारे में केंद्र द्वारा चुनाव आयोग से आग्रह करने को कहा। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक मुलाकात का मुख्य मुद्दा पंडितों की वापसी के लिए बनने वाली कालोनी और सेना के आवासीय इलाके से संबंधित था। गौरतलब है कि घाटी में सक्रिय अलगाववादी केंद्र की इन दोनों योजनाओं का विरोध कर रहे हैं।