लगातार उड़ानें प्रभावित होने पर निराशा जताते हुए पीडीपी अध्यक्ष और सांसद महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को न्यूनतम दृश्यता के दौरान उड़ान संचालन सुनिश्चित बनाने के लिए हवाई अड्डे पर उन्नत इंस्ट्रूमेंटेशन लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) की तत्काल स्थापित करने की मांग की।
महबूबा ने कहा कि लगभग एक दशक पहले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित किए जाने के बावजूद श्रीनगर हवाई अड्डा पर तकनीकी सुविधाएं पुरानी हैं। इससे हवाई यातायात प्रभावित होता है, खासकर सर्दी के मौसम में।
महबूबा मुफ्ती के अनुसार सर्दी में मौसम खराब होने पर कश्मीर घाटी को देश के अन्य राज्यों से जोड़ने वाला श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग और मुगल रोड प्रभावित होती है, तो उस समय हवाई यातायात ही विकल्प बचता है।
रोजाना यहां से करीब 30 उड़ानों के संचालित होने के बावजूद हम पिछले कुछ वर्षों से खराब दृश्यता के चलते लगातार उड़ान अवरोधों के साक्षी रहे हैं।
उन्होंने श्रीनगर हवाई अड्डे पर तकनीकी सुविधाओं को उन्नत करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि श्रीनगर हवाई अड्डे पर बढ़ती उड़ानों की संख्या को देखते हुए आईएलएस समेत ऐसे आधुनिक उपकरणों की स्थापना की जरूरत है, जिससे न्यूनतम दृश्यता में उड़ानें संचालित की जा सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले को नागरिक उड्डयन और रक्षा मंत्री के साथ उठाएंगी, ताकि श्रीनगर हवाई अड्डे पर आईएलएस जल्द लगाया जाए।