कटड़ा हेलीकाप्टर क्रैश मामले में मृतक महिला पायलट सुमिता विजयन के शव को कानूनी औपचारिकता पूरी करने के बाद मंगलवार को हिमालयन हैली कंपनी के सदस्यों को सौंप दिया गया।
मृतका अवनावंचेरी, कदाक्कवर तिरुवनंतपुरम, केरल की रहने वाली थी। कंपनी सदस्यों के मुताबिक सुमिता विजयन के शव को बिना किसी देरी से उनके मूल घर भेज दिया गया।
हिमालयन हैली कंपनी के सात से आठ सदस्यों ने सुमिता विजयन के शव को जीएमसी से लिया। वे सुबह से ही जीएमसी के शवगृह में पहुंच गए थे। सुमिता विजयन के शव का पोस्टमार्टम कटड़ा में ही करवा दिया गया था।
जम्मू पुलिस ने कानूनी औपचारिकता पूरी करने के बाद शव को सुरक्षित तरीके से कंपनी के सदस्यों को सौंप दिया। कंपनी के सदस्य शव को एंबुलेंस में सतवारी एयरपोर्ट ले गए।
सदस्यों के मुताबिक शव को बिना किसी देरी से सुमिता विजयन के परिवार को सौंप दिया जाएगा। इससे पहले त्रिकुटागर निवासी आरनजीत सिंह के शव को पहले ही परिवार के लोग ले गए। माता-पिता, दोस्त और आस-पड़ोस के लोग भी पहुंचे थे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।