मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने अपने दो दिवसीय कारगिल दौरे के दौरान शनिवार को कारगिल स्कारदू रोड को खोलने का वादा किया। कारगिल में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल शांति का प्रतीक रहा है और यहां पर पर्यटन और विकास गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने के लिए क्रास बार्डर मार्गों को खोला जाएगा।
इस अवसर पर महबूबा ने कहा कि पीडीपी ने भाजपा के साथ गठबंधन रियासत में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए किया हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वतंत्रता दिवस भाषण में कश्मीर का जिक्र करने और यहां पर मसले को गाली व गोली से नहीं बल्कि कश्मीरियों को गले लगाकर हल करने की सराहना की। उन्होंने कहा जोजिला टनल और कारगिल जंस्कार हाईवे जैसे बड़े प्रोजेक्टों के शुरू होने के बाद इस क्षेत्र में विकास तेजी से होगा। कारगिल में महबूबा ने छात्राओं से भी मुलाकात की।
इस अवसर पर विधान परिषद के चेयरमैन हाजी अनायत अली, उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, शिक्षा मंत्री सईद अल्ताफ बुखारी, लोक निर्माण मंत्री नईम अख्तर आदि भी मौजूद रहे। वहीं महबूबा ने अपने कारगिल दौरे के दौरान पुशकुम पुल का उद्घाटन किया।