अनंतनाग उप चुनाव के लिए नामांकन करने के दौरान आचार संहिता उल्लंघन के मामले में जारी हुए नोटिस का पीडीपी प्रत्याशी महबूबा मुफ्ती ने जवाब दे दिया है। निर्वाचन कार्यालय उनके जवाब का अध्ययन कर रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) शांतमनु ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद महबूबा मुफ्ती को आरओ की ओर से नोटिस जारी किया गया था।
सूत्रों का कहना है कि नोटिस के जवाब में महबूबा मुफ्ती ने लिखा है कि नामांकन करने से पहले वे कानूनन प्रत्याशी नहीं थीं। मुख्यमंत्री के तौर पर वे वहां पहुंची थीं। नामांकन के बाद झंडे उतार दिए गए। उन्होंने कहा है कि कानून में उनका पूरा भरोसा है और भविष्य में वे आदर्श आचार संहिता का हर हाल में पालन करेंगी।
एक जून को नामांकन के बाद विपक्ष की ओर से आरओ से लिखित शिकायत की गई थी कि पीडीपी प्रत्याशी ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उन्होंने सरकारी गाड़ी के साथ ही सरकारी झंडे का भी इस्तेमाल किया है। इसका संज्ञान लेते हुए निर्वाचन अधिकारी की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया था।