जम्मू। श्री अमरनाथ बर्फानी लंगर संगठन (साबलो) के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष राजन गुप्ता के नेतृत्व में नागरिक सचिवालय जम्मू में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। बैठक में श्री अमरनाथ यात्रा 2025 से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
साबलो ने सीएम से मांग की कि सेवादारों के लिए पुलिस सत्यापन की अनिवार्यता समाप्त की जाए, क्योंकि यह व्यावहारिक रूप से कठिन है। संगठन ने सुझाव दिया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस एनसीआरबी के माध्यम से एक केंद्रीकृत सत्यापन प्रक्रिया को अपनाए। सभी भंडारा संगठनों को संबंधित उपायुक्तों द्वारा अनुमोदित प्रमाण पत्र दिए जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की गलत सूचना और अनावश्यक हतोत्साहित करने वाली स्थिति उत्पन्न न हो।
सेवादारों को लंगर सामग्री के साथ यात्रा की अनुमति देने अथवा सरकार द्वारा जम्मू-लखनपुर से बालटाल-चंदनवाड़ी तक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। आग्रह किया कि दुर्गम शिविरों में स्थायी विद्युत आपूर्ति प्रदान की जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें, प्रदूषण कम हो और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो। साबलो ने अब्दुल्ला परिवार की धर्मनिरपेक्षता एवं धार्मिक सौहार्द के प्रति ऐतिहासिक प्रतिबद्धता की सराहना की और इस संदर्भ में डॉ. फारूक अब्दुल्ला की भूमिका को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया। उन्होंने भोले भंडारी चेरिटेबल ट्रस्ट, लुधियाना की पुरजोर मांग पर श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री उमर के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए यात्रा 2025 को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए त्वरित कार्रवाई की अपील की। अध्यक्ष राजन गुप्ता एवं वित्त सचिव विजय मेहरा ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद प्रकट किया। ब्यूरो