अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था और तमाम एहतियात के बावजूद घाटी में अब तक के सबसे हिंसक स्वतंत्रता दिवस के बाद गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में कश्मीर के हालात पर उच्च स्तरीय बैठक की। सीमा पार से मिल रहे संकेतों के मुताबिक घाटी में हालात और बिगड़ने की आशंका है।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, खुफिया एजेंसियों के प्रमुख, गृहसचिव राजीव महर्षि ने गृहमंत्री को हालात के सभी पहलुओं से अवगत कराया है। राजनाथ सिंह ने कश्मीर के साथ असम के हालात की भी समीक्षा की।
गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक बैठक में सुरक्षा बलों को ऐसे कदम उठाने को कहा गया है जिससे हिंसा की चपेट से आम कश्मीरी दूर रहें। लेकिन हल्के उकसावे पर युवाओं और प्रदर्शनकारियों का उग्र होना केंद्र और राज्य सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।