विजयपुर। मेटाडोर यूनियन के प्रधान रघुवीर सिंह बागल की देखरेख में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया और भाजपा के खिलाफ राया में बैठक कर विरोध जताया गया। इस मौके पर मेटाडोर यूनियन के सदस्य ने भी भाग लिया। रघुवीर सिंह ने कहा कि डीडीसी चुनाव को लेकर कुछ नेता हम लोगों को मेटाडोर चलाने के लिए तंग कर रहे हैं। भाजपा को इस चुनाव में टोल प्लाजा से काफी हानि होगी।
उन्होंने कहा कि जब हम भूख हड़ताल पर थे तो तब यह नेता कहां थे। जब तक टोल प्लाजा बंद नहीं होगा हम मेटाडोर नहीं चलाएंगे। उन्होंने कहा जिला प्रशासन कह रहा है कि सांबा वालों से टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। जब हम मेटाडोर लेकर जाते हैं टोल टैक्स वसूल किया जाता है और जब वापस आते हैं तब भी टैक्स लेते हैं। इस तरह से टोल टैक्स को लेकर विरोधभास बना हुआ है और इसका समाधान किसी भी स्तर से नहीं किया जा रहा है। जिला प्रशासन से भी कई बार बात कर चुके हैं, लेकिन मात्र आश्वासन ही मिल रहा है। उन्होंने एलजी मनोज सिन्हा से मांग की है कि हमारी परेशानी का हल किया जाए। संवाद