जम्मू। तवी रिवर फ्रंट का विकास जम्मू-कश्मीर के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है, लिहाजा इसे निर्धारित समय में पूरा किया जाए। साथ ही इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाए। यह निर्देश मंडलायुक्त रमेश कुमार ने मंगलवार को आवास व शहरी मामलों के मंत्रालय (एमओयूएचए) के स्मार्ट सिटी मिशन के तहत जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड (जेएससीएल) द्वारा निष्पादित ढांचागत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए दिए।
जेएससीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल यादव ने जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत जारी परियोजनाओं की जानकारी दी। बताया गया कि तवी पुलों पर रोशनी, ऐतिहासिक बाहु किले में रोशनी, सार्वजनिक साइकिल साझा प्रणाली आदि परियोजनाओं को पूरा कर लिया गया है। इसमें जनता से जबरस्त प्रतिक्रिया मिली है। कुल परियोजनाओं में से 51 पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 83 का काम विभिन्न चरणों में हैं। ये परियोजनाएं वर्ष 2023 के अंत तक पूर्ण हो जाएंगी। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को आवास व शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा निर्धारित समय सीमा से पहले अन्य विभागों के साथ संपर्क करके परियोजनाओं को पूरा करने पर जोर दिया।