जम्मू। नागरिक सचिवालय में शुक्रवार को उपराज्यपाल के प्रधान सचिव नितीश्वर कुमार ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों ने समार्ट सिटी प्रोजेक्ट में चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ ने परियोजना के लिए विशेष प्रयोजन वाहन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेएससीएल ने कार्यान्वयन चरण के तहत अब तक पूरी की गई परियोजनाओं के बारे जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आठ स्थानों पर सार्वजनिक वाईफाई जैसे प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं।
--------------
ये हैं पूरी की गईं और निर्माणाधीन परियोजनाएं
अकादमी फॉर स्किल्स, सिटी चौक पर मल्टी लेवल सेमी ऑटोमेटेड कार पार्किंग, कूड़ा क्लेक्शन के लिए जीपीएस इनेबल्ड व्हीकल, ग्रीन स्पेस का विकास, एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग कन्वर्सेशन प्रोजेक्टों पर काम पूरा हो चुका है। पहले से चल रही परियोजनाओं में डोगरा और केसी चौक के बीच फ्लाईओवर के नीचे वर्टिकल गार्डन, रिवर्स वेंडिंग मशीन, पंजतीर्थी पार्किंग, रिफ्यूजी कांपेक्टर, बिजली के स्मार्ट मीटर लगाना, बस स्टैंड पर मल्टी-लेवल कार पार्किंग, एंटरटेनमेंट पार्क आदि शामिल हैं। भौर कैंप, बाग-ए-बहू में संगीतमय फव्वारा, बहू किले की फाकेड लाइटिंग, मुबारक मंडी की रोशनी प्रोजेक्ट, जम्मू जूलॉजिकल पार्क, अपग्रेडेशन एंड मॉडर्नाइजेशन ऑफ फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज पर भी काम चल रहा है।
-----------
इन परियोजनाओं में किया गया टेंडर
जिन परियोजनाओं का टेंडर किया गया है उनमें डोगरा चौक से केसी चौक तक सड़क सुधार, सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालय कुल 12, अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली के साथ आधुनिक बूचड़खाना, कचरा निस्तारण उपशमन शामिल हैं। बैठक के दौरान परियोजनाओं को अगले दो महीनों में पूरा करने की योजना है। प्रधान सचिव ने सभी हितधारकों से कहा कि वे स्वच्छ भारत मिशन के तहत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को सफल बनाने के लिए ठोस प्रयास करें।
सोलर लाइटिंग के लिए जगहों का चयन करें
प्रधान सचिव ने मुबारक मंडी परिसर को लाइट एंड साउंड शो से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। जहां पहले से ही सुधार और रोशनी के कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने आगे संबंधित विभागों और निष्पादन एजेंसियों से पूरे शहर में ओवरहेड सार्वजनिक उपयोगिताओं के स्थानांतरण के लिए भूमिगत डक्टिंग की संभावना का पता लगाने के लिए कहा। हैरिटेज ट्रेल, भौर कैंप और बस स्टैंड पार्किंग के बीच रघुनाथ बाजार में वाहनों के प्रदूषण को कम करने के लिए बैटरी ऑपरेटेड वाहनों के लिए प्रावधान किया गया है। उन्होंने जेकेईडीए को तवी नदी के सभी पुलों पर रोशनी के लिए सौर ऊर्जा पर विचार करने के साथ-साथ अन्य स्थलों पर सोलर लाइट लगाने की संभावना का पता लगाने का निर्देश दिया।