जम्मू। डोगरा सदर सभा ने ऐतिहासिक मुबारक मंडी के संरक्षण की प्रशासन से मांग की है। वीरवार को सभा के एक शिष्टमंडल ने अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गुलचैन सिंह चाड़क के नेतृत्व में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर ऐतिहासिक मुबारक मंडी, डोगरा विरासत और संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने उपराज्यपाल को ज्ञापन सौंपते मांग की कि शहीदों के स्मारकों के रखरखाव और प्राकृतिक धरोहरों पर ध्यान केंद्रित किया जाए। डोगरा संस्कृति के विस्तार के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
चाड़क ने कहा कि पिछले कई सालों से मुबारक मंडी के जीर्णोद्धार का काम चल रहा है, लेकिन इसे अब तक किसी नतीजे पर नहीं लाया जा सका है। यहां देश विदेश के पर्यटकों को खींचकर पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है। मुबारक मंडी परियोजना पर सुस्त गति से काम होने के कारण इसके अस्तित्व को और नुकसान पहुंचा है। इसे विरासती पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए। ऐसे निर्माण कार्यों की प्रगति में तेजी लाई जाए। इस पर उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार जम्मू कश्मीर की गौरवशाली विरासत के संरक्षण और बहाली पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके साथ पर्यटन स्थलों और विरासत स्थलों के विकास के लिए एक मजबूत पर्यटन ढांचा तैयार किया जा रहा है।
-----------
प्रदेश में नए आयकर सेवा केंद्र खुले
जम्मू। मुख्य आयकर आयुक्त अमृतसर, पूनम खैरा सिद्धू ने वीरवार को राजभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर जम्मू-कश्मीर में नए आयकर सेवा केंद्र (एएसके) के कामकाज और स्थापना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि फ्लैगशिप योजना विवाद से विश्वास के प्रभावी कार्यान्वयन का उद्देश्य आयकर लंबित विवाद मामलों को कम करना है। साथ ही सरकार के लिए समय पर राजस्व जुटाना, करदाताओं के विभाग के साथ विवादों को समाप्त करना, ब्याज और जुर्माना संबंधी मामलों का समाधान करना आदि है। इस बीच डिप्टी मेयर नगर निगम जम्मू एवं हाउसिंग फॉर ऑल स्किल अपग्रेडेशन एंड सेल्फ इंप्लायमेंट स्टैंडिंग कमेटी की चेयरपर्सन पूर्णिमा शर्मा ने आर्थिक तौर पर कमजोर और निम्न आय वर्ग को पीएमएवाई के तहत आवास मुहैया करवाने और सब्सिडी योजनाओं के विस्तारीकरण पर चर्चा की। पूर्व मंत्री एवं चेयरमैन जेएंडके पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट (एस) हकीम मोहम्मद यासीन शाह ने जनता से जुड़े मुद्दों पर उपराज्यपाल से बात की। उन्होंने तोसामेदेन दूधपत्री और युसमार्ग में पर्यटन क्षमताओं को बढ़ाने की मांग की। फेडरेशन चैंबर आफ इंडस्ट्रीज कश्मीर के शिष्टमंडल ने शाहिद कामिली के नेतृत्व में उपराज्यपाल से मुलाकात की। पूर्व विधायक दिलीप सिंह परिहार ने भी उपराज्यपाल से मुलाकात कर डोडा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।