जम्मू। मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के नाशरी से बनिहाल तक फोरलेन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के मामलों, संरचना को हटाने, मुआवजे का वितरण और बिजली के टावरों के स्थानांतरण कार्यों को प्राथमिकता पर निपटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डीसी रामबन को काम की गति की बारीकी से निगरानी करने और इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को गति देने को कहा है।
विभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग से बैठक करते हुए मंडलायुक्त ने फोरलेन कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उपायुक्त रामबन ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के अधिकांश मामलों का निपटान किया गया है और लंबित मामले विभिन्न चरणों में हैं। अधिकारियों ने बताया कि बिजली के टावरों के स्थानांतरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। मंडलायुक्त ने कहा कि प्रतिष्ठित परियोजना को गति देने के लिए अड़चनों को दूर करके निष्पादन एजेंसियों को कार्य को सुचारू रूप से चलाने में मदद करें। उन्होंने एनएचएआई को निर्देश दिया कि जिन हिस्सों में भूमि अधिग्रहण हो चुका है वहां कार्य में तेजी लाई जाए।