ज्यौड़ियां। रिटायर्ड सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन की इकाई की तरफ से बुधवार को खौड़ में बैठक हुई। इसमें सरकार से मसले हल करने की मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के तहसील प्रधान गणेश दास सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर ने की।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राम लाल डोगरा सेवानिवृत्त एसी व अखनूर के जोनल प्रधान सुरजीत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। राम लाल डोगरा ने कहा कि हम पैरामिलिट्री सैनिकों के साथ सरकार सौतेला व्यवहार करती आई है। हमारी मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। कई साल से हम मांगों को पूरा कराने के लिए जगह-जगह बैठकें कर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसका सरकार पर कोई असर नहीं हो रहा है। सरकार हमारी मांगों को नजर अंदाज कर रही है। हमारी मांगो को जल्द पूर्ण करते हुए आर्म्ड फोर्स व पैरा मिलिट्री फोर्स में वेतन व पेंशन के भारी अंतर को दूर किया जाए, सीसीएस रूल से दूर किया जाए, जैसे सेना में एमएसपी दी जाती है पैरा मिलिट्री फोर्सेस को भी स्पेशल दी जाए। वन रैंक वन पेंशन दी जाए, सीपीसी कैंटीन में जीएसटी की शत प्रतिशत छूट दी जाए, पैरा मिलिट्री फोर्सेस के लिए पैरामिलिट्री कल्याण बोर्ड की स्थापना की जाए। पैरा मिलिट्री फोर्सेस के लोगों ने मांगों को पूरा कराने के लिए नारेबाजी भी की।