ज्यौड़ियां। लोक निर्माण विभाग की अस्थायी कर्मचारी यूनियन खौड़ के कर्मचारियों की तरफ से शनिवार को खौड़ में प्रेसवार्ता में यूनियन प्रधान अजय शर्मा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के एक अस्थायी कर्मचारी की समय पर वेतन न मिलने तथा स्थायी नहीं करने से परेशान होकर मौत हो गई है। उसका नाम विश्वनाथ पुत्र फ़िरंगी नाथ निवासी चक्क मलाल है। वह 14 साल से विभाग में सेवाएं दे रहा था।
उन्होंने कहा कि समय पर वेतन नहीं मिलने और विभाग की तरफ से स्थायी नहीं किए जाने से वह लगभग एक माह से काफी परेशान था। परेशानी में वह बीमार पड़ गया। इलाज नहीं मिलने से वीरवार को उसकी मौत हो गई। वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। अपने पीछे बुजुर्ग माता पिता, पत्नी और दो छोटे-छोटे बेटे छोड़ गया है। हम विभाग के अस्थायी कर्मचारी यूनियन के सभी लोग सरकार तथा विभाग से अपील करते हैं कि स्वर्गीय विश्वनाथ का बकाया वेतन जारी कर परिजनों को दिया जाए। पत्नी को नौकरी दी जाए ताकि वह परिवार का पालन पोषण कर सके। संवाद