घाटी में पत्थरबाजों की तलाशी के लिए मंगलवार को सुरक्षा बलों ने व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। इसके तहत दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के तुर्कवानगम गांव में कई घरों में पत्थरबाजों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की। आरोप है कि इस दौरान जवानों ने लोगों को पीटा तथा घर में तोड़फोड़ की।
तुर्कवानगम गांव में सोमवार को युवाओं ने सुरक्षा बलों के वाहनों पर पथराव किया था। इस दौरान हिंसक झड़पें हुई थीं। बीती रात सेना ने पत्थरबाजी में शामिल युवाओं की धरपकड़ के लिए गांव में तलाशी अभियान चलाया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरक्षा बलों के जवान जबरन लोगों के घर में घुस गए। उन्होंने लोगों को पीटा और घर में तोड़फोड़ की।
सामानों को फेंक दिया। कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शोपियां के ही वेहिल गांव के लोगों का आरोप है कि चैंपियंस ट्राफी में पाकिस्तान की जीत पर पटाखे दागकर गांव में जश्न मनाया गया। आवाज सुनकर सुरक्षा बलों के जवानों ने गांव में पहुंचकर हवाई फायरिंग की। इस दौरान दुकानों तथा घरों में जवानों ने तोड़फोड़ की।
इस बारे में सेना की ओर श्रीनगर में प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बयान देते आरोपों को खारिज किया। प्रवक्ता ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वेहिल और तुर्कवानगम गांव में हुए वाकयों में हमारी सेना के जवान किसी भी तरह से सम्मिलित नहीं रहे हैं।