शहर के रेलवे स्टेशन जम्मू को शनिवार चारों तरफ से सुरक्षाबलों ने घेर लिया और देखते ही जवानों ने हथियारों के साथ स्टेशन पर लगी ट्रेनों की जांच शुरू कर दी। इससे स्टेशन पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। लेकिन थोड़ी ही देर में पता चल गया कि यह पुलिस और सीआरपीएफ की ओर से माक ड्रिल चलाई जा रही है।
पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप ने सीआरपीएफ के साथ मिलकर यह ड्रिल चलाई। इसमें स्टेशन के कोने कोने की जांच की गई। पुलिस और सीआरपीएफ की चार टीमों को बनाकर पूरे स्टेशन को घेर लिया गया। इसके बाद हर जगह पर सर्च चलाई गई। पुलिस के आला अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद थे। कुछ दिन पहले नरवाल के बेवमाल में भी माक ड्रिल चलाई गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन जम्मू देश के अति संवेदनशील रेलवे स्टेशनों में घिना जाता है। जहां कभी भी कोई भी हादसा हो सकता है। रेलवे स्टेशन पर आतंकी हमला भी हो चुका है। तब लेफ्टिनेंट कर्नल त्रिवेणी सिंह शहीद हो गए थे। ऐसे हमले होने पर किस तरह से बचा जाए और कम से कम नुकसान से लोगों की जान बचाई।
इसे लेकर माक ड्रिल चलाई गई। रेलवे स्टेशन जम्मू पर हर रोज 30 से 35 हजार यात्रियों का आना जाना होता है। इसलिए सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए ऐसा किया गया। पुलिस की ओर से शहर के सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर माक ड्रिल चलाकर सुरक्षा को पुख्ता किया जा रहा है, ताकि कभी भी कोई हादसा होने पर उसका सामना किया जा सके।