जम्मू-कश्मीर के राजोरी जिले के जिले की बुद्धल तहसील के तरगाई इलाके के एक युवक को पुलिस ने करीब डेढ़ दशक बाद पीओके में आतंकी शिविरों में ट्रेनिंग लेकर लौटने पर गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार निसार हुसैन शाह (34) पुत्र मुबारक शाह वर्ष 1999 में अवैध रूप से नियंत्रण रेखा पार कर पीओके चला गया था।
तब वह दसवीं कक्षा का छात्र था। निसार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पीओके पहुंचते ही उसने एक आतंकवादी शिविर में शामिल होकर आतंकी बनने की ट्रेनिंग ली। ट्रेनिंग के दौरान जब बीमार पड़ा, तो पीओके के कोटली स्थित एक अस्पताल में भर्ती हुआ।
कुछ समय बाद जब ठीक हुआ और अस्पताल से छुट्टी मिली तो ट्रेनिंग कैंप छोड़ कोटली में ही पहले एक गारमेंट की दुकान और बाद में दवा की दुकान पर नौकरी कर ली। वहां कुछ लोगों से जान-पहचान बढ़ाई, जिन्होंने माइग्रेशन कार्ड और पहचान पत्र व कुछ अन्य दस्तावेज बनवाने में मदद की। दस्तावेज की मदद से दुबई का पासपोर्ट और वीजा बनवाया।