बठिंडी इलाके में पकड़ा गया लश्कर का आतंकी कश्मीर में मारे गए लश्कर कमांडर अबू कासिम की मौत का बदला लेने के मकसद से जम्मू आया था। वह पहले खुद जम्मू में स्थापित होना चाहता था।
इसके बाद अपने अन्य साथियों को लाना चाहता था, ताकि किसी बड़े आतंकी हमले को अंजाम दे सके। आतंकी से की गई पूछताछ में इसका खुलासा हुआ है। सोमवार को पुलवामा के त्राल का रहने वाला आतंकी शब्बीर अहमद मलिक दबोच लिया गया था। इसके पास से 47000 रुपये कैश भी बरामद किए गए।
सूत्रों का कहना है कि पकड़े गए लश्कर आतंकी ने पूछताछ में बताया है कि तीन दिन पहले उसने बठिंडी में दो हजार रुपये महीने के किराए पर मकान लिया था। वह यहां खुद रहकर पूरी तरह से स्थापित होना चाहता था, ताकि लोगों का विश्वास जीत सके। अपने कुछ परिचित के लोगों से संपर्क किया। मलिक को बठिंडी में एक पूर्व सरपंच के घर से पकड़ा गया था।