फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu Kashmir: भारी बर्फबारी और बारिश से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद, वैष्णो देवी यात्रा भी रुकी

Tue, 07 Oct 2025 02:38 PM IST
निकिता गुप्ता अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी के चलते जम्मू-श्रीनगर, समेत कई सड़कों पर यातायात रोक दिया गया है। मौसम खराब होने के कारण वैष्णो देवी और मचैल माता यात्राएं स्थगित हैं, जबकि बुधवार से मौसम सुधार की संभावना जताई गई है।
विज्ञापन
कश्मीर के ऊंचे इलाकों में पहली बर्फबारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में भारी बारिश के कारण मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर और श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ मुगल रोड और सिंथन टॉप रोड पर यातायात रोक दिया गया।

विज्ञापन


मौसम के अचानक बिगड़ने के कारण कई जगहों पर भूस्खलन और चट्टानों के गिरने की घटनाएं हुईं, जिससे सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया। इसके चलते तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।

ट्रैफिक विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, जो कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र ऑल-वेदर रोड है, उधमपुर से बनिहाल के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण मंगलवार सुबह बंद कर दिया गया।
विज्ञापन


सड़क को साफ करने के लिए मशीनें और टीमें मौके पर भेजी गई हैं और अधिकारियों को उम्मीद है कि दोपहर तक रास्ता आंशिक रूप से खोल दिया जाएगा। फिलहाल वाहनों को जम्मू के नगरोटा में रोका गया है।

इसके अलावा, 434 किलोमीटर लंबा श्रीनगर-लेह हाईवे और वैकल्पिक रास्तों जैसे मुगल रोड और सिंथन टॉप भी ताज़ा बर्फबारी के कारण बंद कर दिए गए हैं। जोजिला पास पर छह इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि मुगल रोड पर पीर की गली और किश्तवाड़ के सिंथन टॉप पर तीन से चार इंच तक बर्फ गिरी है।

विज्ञापन

डोडा, रामबन, किश्तवाड़, कठुआ, राजौरी और पुंछ जिलों के ऊपरी इलाकों से भी बर्फबारी की खबरें मिली हैं।

मौसम विभाग ने बताया है कि बुधवार से मौसम में सुधार की उम्मीद है और अगले पंद्रह दिनों तक बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।

इस बीच, खराब मौसम के चलते माता वैष्णो देवी (त्रिकुटा पर्वत, रियासी) और मचैल माता (किश्तवाड़) की यात्रा तीसरे दिन भी स्थगित रही। ये यात्राएं बुधवार से फिर शुरू होने की उम्मीद है।

जम्मू संभाग में सभी सरकारी और निजी स्कूल मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद रहे।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक के 24 घंटों में सबसे अधिक वर्षा उधमपुर में 100.2 मिमी दर्ज की गई। इसके बाद बटोटे में 98.2 मिमी, बनिहाल में 75.8 मिमी, कटरा (वैष्णो देवी यात्रा का आधार शिविर) में 44 मिमी और जम्मू शहर में 38.6 मिमी वर्षा हुई।

जम्मू शहर का अधिकतम तापमान इस मौसम के सामान्य स्तर से 11.1 डिग्री नीचे 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी छह डिग्री गिरकर 15 डिग्री सेल्सियस रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें