संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। कस्बे में द्वापर युग के कामेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि को लेकर कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। रविवार को 1008 महामंडलेश्वर और महंत रामेश्वर दास की अगुवाई में यज्ञशाला में पंडितों और संतों द्वारा मंत्रोच्चार के बाद अग्नि मंथन किया गया। इस मौके पर उपस्थित भाजपा नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष शाम लाल शर्मा, महंतों और श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा की, इसके बाद पूर्णाहुति दी गई।
मंदिर में श्रद्धालुओं की चहलपहल शुरू हो गई है। रोज सैकड़ों की संख्या में प्रदेश सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है। वहीं मंदिर में रोज रामकथा की जा रही है, जिसमें डाॅ. सत्यनारायण दास कथा कर रहे हैं।
मंदिर की सजावट और लाइट व्यवस्था के लिए विशेष कारीगरों की मदद ली जा रही है। सुबह से शाम तक भंडारा भी लगाया जाता है। 18 फरवरी को शिवरात्रि पर विशेष रूप से सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहेगी। मंदिर में आयोजित मेले में बच्चों और महिलाओं के लिए दुकानें और झूलों की खासतौर पर व्यवस्था की गई है। महंत रामेश्वर दास ने बताया कि शिवरात्रि पर्व पर सभी तैयारियां को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इस पर शनिवार को मंदिर में रामकथा शुरू होने के उपरांत रविवार को यज्ञशाला में मंत्रोच्चार के साथ अग्नि मंथन करके यज्ञ शुरू कर पूर्णाहुति दी गई। उन्होंने बताया कि द्वार युग से स्थापित मंदिर की आस्था में श्रद्धालु अपनी हर वर्ष उपस्थित दर्ज कराते हैं। उन्होंने बताया 18 फरवरी को जल प्रवाह करने के लिए हर प्रकार की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि रोज भंडारा के साथ पूजा अर्चना की जाएगी।