रियासी के महादेव मंदिर में साफ सफाई का करते हुए क्ष्राइन बोर्ड़ के कर्मचारी।
- फोटो : REASI
रियासी। महाशिवरात्रि के लिए शिवालय सजने लगे हैं। मंदिर कमेटियों की ओर से साफ-सफाई के साथ मंदिरों को रंग-रोगन करवाया जा रहा है। साथ ही अन्य व्यवस्थाएं भी की जा रही है। श्री शिवखोड़ी धाम के आधार शिविर रनसू से ले कर प्राकृतिक गुफा तक भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कोरोना से प्रभावित व्यापारियों को भी इस बार शिवरात्रि पर ज्यादा श्रद्धालुओं के आने के साथ कारोबार चमकने की उम्मीद जगी है।
मंगलवार एक मार्च को महाशिवरात्रि है। रनसू शिवखोड़ी में सोमवार 28 फरवरी को तीन दिवसीय वार्षिक मेला शुरू होगा। प्राकृतिक गुफा के बाहर और अंदर के हिस्सों को विदेशी फूलों से सजाया जाएगा। पौनी के तहसीलदार लेखराज ने बताया कि महाशिवरात्रि पर रनसू शिवखोड़ी में आने वाले भक्तों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। लंगर समितियों को भी मास्क और सैनिटाइजर का प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। बिना मास्क के किसी को भी मंदिर में प्रवेश नहीं मिलेगा।
नगर के वार्ड-9 में स्थित आप शंभु महादेव मंदिर में भी साफ-सफाई का काम सोमवार को शुरू किया गया। मंदिर में कार्यरत श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड कटड़ा के कर्मचारियों ने पूरे मंदिर की दीवारों के साथ परिसर की धोकर सफाई की। कर्मचारी ने बताया कि जल्द ही मंदिर को सजाने का काम भी शुरू किया जाएगा।