फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस ने राष्ट्रवादी ताकतों को कमजोर किया, भाजपा लद्दाख के लोगों का सच्चा मित्र: निर्मला सीतारमण

Sun, 05 May 2019 03:30 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
निर्मला सीतारमण (फाइल फोटो) - फोटो : ANI
विज्ञापन

रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह राष्ट्रवादी ताकतों को कमजोर करने और राष्ट्र विरोधी ताकतों के समर्थन का कार्य करती रही है। उन्होंने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर लद्दाख के लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही लद्दाख के लोगों का सच्चा मित्र है। 

विज्ञापन


लद्दाख लोकसभा सीट के प्रचार अभियान के आखिरी दिन शनिवार को लेह के पोलो ग्राउंड में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि लद्दाख संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लेह, नोबरा, चंगथांग, कारगिल, झंस्कार और द्रास की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने अनदेखी की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार केंद्र में आने के बाद लद्दाख के विकास का दौर शुरू हुआ और काफी विकास हुआ। 

वर्तमान में मोदी सरकार ने लद्दाख के विकास व जन आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। लद्दाख को संभाग का दर्जा मिला। विश्वविद्यालय के अलावा लेह मेडिकल कालेज को मंजूरी दी गई। लेह एयरपोर्ट का विस्तारीकरण किया गया। जोजिला टनल के लिए राशि मंजूर की। झंस्कार रोड के अलावा देमचोक वाया न्योमा सड़क का काम शुरू हुआ। लेह और कारगिल में सभी घरों में बिजली मुहैया करवाई गई। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा रक्षा मंत्रालय से संबंधित जो भी लंबित मामले हैं, उनका भी जल्द ही हल कर दिया जाएगा। लद्दाख के मामलों को वह निजी तौर पर देख रही है। निर्मला सीतारमण ने लद्दाख के लोगों से अपील की कि वह लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन करें और भाजपा उम्मीदवार जमेयांग सीरिंग नामगेयाल के पक्ष में वोट करें। रैली में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना, पूर्व मंत्री शेरिंग दोरजे, महासचिव डा. नरेंद्र सिंह, एमएलसी विक्रम रंधावा, ताशी, मुमताज हुसेन आदि ने भी संबोधित किया। 

कांग्रेस का इतिहास धोखाधड़ी से भरा : पेमा खांडू
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हिमालय राज्यों, जिसमें लद्दाख भी शामिल हैं, उनके विकास की नीति को सराहते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकारों के समय देश में केवल अराजकता का माहौल रहा। कांग्रेस ने वोट हासिल करने के बाद धोखाधड़ी ही की। पहाड़ी राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। मोदी सरकार की नीति से पहाड़ी क्षेत्रों का विकास सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने लद्दाख के लोगों से अपील की कि वह भाजपा उम्मीदवार को विजयी बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करें। प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने लद्दाख के लोगों को राष्ट्रवादी बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी राष्ट्रवादी लोगों की चिंता नहीं की।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें