भाजपा हो या कांग्रेस दोनों की ही नजर ‘फर्स्ट टाइम वोटर’ पर है। ये वह युवा हैं, जो पहली बार वोट देने जा रहे हैं। भाजपा के महासचिव राम माधव हाल ही में श्रीनगर में पहली बार वोट डालने जा रहे युवाओं से संवाद कर चुके हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक भी उधमपुर में युवाओं से संवाद कर रहे हैं। उन्हें वोट देने के लिए प्रेरित करने के साथ ही पक्ष में वोट डालने की अपील भी हो रही है।
पार्टियां इन वोटरों पर इसलिए निगाहें गड़ाएं हैं, क्योंकि इनकी संख्या एक लाख 80 लाख हजार से भी अधिक है। और दूसरे चरण के चुनाव में ही यह तरीका नहीं आजमाया जा रहा। दरअसल, यह तरीका पहले चरण के चुनाव में कश्मीर में भी अपनाया जा चुका है। फायर ब्रांड नेता माने जाने वाले और बारामुला से चुनावी मैदान में किस्मत आजमा चुके इंजीनियर रशीद ने भी इससे पहले के चुनाव में यह तरीका आजमाया था। उन्होंने युवाओं के साथ सोशल मीडिया के जरिये भी संवाद किया था।
यहां तक कि प्रत्याशियों के वायदे भी पहली बार वोट डालने जा रहे युवाओं को देखते हुए ही किए जा रहे हैं। श्रीनगर में खालिद जहांगीर खान बड़गाम के युवाओं के लिए पीवीआर सिनेमा लाए जाने का वायदा कर चुके हैं, वहीं आईपीएल टाइप क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन का भी वायदा उन्होंने युवाओं से किया है।
वक्त खत्म होने के बाद भी हुआ सोशल मीडिया से प्रचार
उधमपुर और श्रीनगर दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के समर्थक वक्त खत्म होने के बाद भी सोशल मीडिया के जरिये चुनाव प्रचार करते रहे। अपने प्रत्याशियों के पक्ष में वोट डालने की अपील करते रहे।