पहले चरण में जम्मू-पुंछ लोकसभा सीट पर मतदान हो चुका है। 24 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम मशीनों में कैद हो चुकी है। इन मशीनों को जम्मू के पालीटेक्निक कालेज में रखा गया है। यहां 23 मई को गिनती होगी। इन ईवीएम मशीनों की सुरक्षा इस तरह से की गई है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। सुरक्षाबलों की दो कंपनियों को विशेष रूप से इसकी निगरानी के लिए लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार 180 सुरक्षाकर्मियों को ईवीएम मशीनों की निगरानी के लिए लगाया गया है। जिस जगह इन मशीनों को रखा गया है, उसके चारों तरफ सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। ईवीएम मशीन के चारों तरफ और इनके सीधा ऊपर नजर रखने के लिए विशेष रूप से सीसीटीवी लगाए गए हैं, जिसका एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। इस कंट्रोल रूम में हर समय सीनियर अफसर बारी-बारी से मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
इसके अलावा ईवीएम मशीनों के इर्द-गिर्द तेजी रोशनी की व्यवस्था की गई है। ताकि रात के समय भी पूरी नजर रखी जाए। सीसीटीवी और तेज रोशनी के लिए बाकायदा जेनरेटर की व्यवस्था की गई है, ताकि एक मिनट के लिए बिजली गुल न हो सके। एक मिनट के लिए भी सीसीटीवी और रोशनी बंद न होने का आदेश दिया गया है। पुलिस अधिकारियों को कहा गया है कि वह हर रोज ईवीएम मशीनों को रखे गए स्थानों की जानकारी लेंगे।
अगले एक महीने तक इसकी पहरेदारी करनी होगी। पालीटेक्निक कालेज के मुख्य गेट पर हर समय तीन से चार सुरक्षाकर्मियों को 24 घंटे ड्यूटी देने के लिए कहा गया है। इसके अलावा पालीटेक्निक के हर छोटे मोटे रास्ते पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि परिंदा भी पर न मार सके।