आरएस पुरा में लोहड़ी पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा/ मीरां साहिब। उपजिले में शुक्रवार को दिन निकलने के साथ ही लोहड़ी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विशेष कर बच्चों व युवा वर्ग के लोग ढोल की थाप पर नाचते हुए घर-घर जाकर लोहडी मांगने के साथ झूमते हुए नजर आए। इस दौरान कई परिवारों ने अग्नि जलाकर उसमें मूंगफली एवं रेवड़ी प्रज्वलित की और प्रसाद वितरित की।
इस दौरान महिलाओं व युवतियों ने जमकर लोहड़ी पर्व का आनंद लिया। पंजाबी व डोगरी लोकगीत आया लोहड़ी दा त्योहार आया, आज नाच लो सारे मिलजुल के, रह न जावे कोई साथी व सुंदर मुंदरिये तेरा की विचारा, दुल्ला भट्टी वाला आदि पर लोगों ने खूब नृत्य किया। रात को हुई बारिश के बाद दिन के समय मौसम सर्द होने पर लोग अपने सगे-संबंधियों के यहां लोहड़ी मनाने पहुंचने पर उपहारों का आदन- प्रदान किया। बाजारों में भी मूंगफली, रेवडि़यां, मिठाईयां खरीदते हुए लोग नजर आए। वहीं गुरुद्वारों में पहुंची संगत ने माथा टेका व आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान लोहड़ी पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। सर्वप्रथम ग्रंथियों ने अरदास कर समाज एवं देश में खुशहाली के लिए प्रार्थना की। तत्पश्चात नवविवाहिता जोड़ों व नवजात बच्चों को आशीर्वाद दिया। अग्नि प्रज्वलित कर आयोजन में आई हुई संगत को रेवड़ी, खील व मूंगफली का प्रसाद दिया गया। इस मौके पर ढोलक की थाप पर नृत्य कर खुशियां मनाई गई। देर रात परिवार के सदस्यों ने एकत्र होकर अग्निदेव की पूजा करने के साथ मंत्रोउच्चार के साथ अर्घ दिया। वहीं कस्बों में भी दुकानदारों व सामाजिक संगठनों की और से हर्षोल्लास के साथ संयुक्त रूप से लोहड़ी का पर्व मनाया।
पुलिस की ओर से कस्बों व ग्रामीण क्षेत्र में कड़ी चौकसी रख हुड़दंग मचाने वाले लोगों पर नजर रखी। ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।
लोहड़ी मिलन पर कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। लोहड़ी पर्व पर पूर्व मंत्री व डीपीएपी के महासचिव रजिंदर सिंह चिब के नेतृत्व में लोहड़ी मिलन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व मंत्री आरएस चिब ने लोहड़ी की देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देने के साथ बड़े भाई स्वर्गीय ठाकुर बलदेव सिंह की जयंती पर कहा कि इस समय जम्मू-कश्मीर में जो माहौल बना है। उससे आम आदमी की परेशानियों बढ़ रही। उन्होंने कहा कि जब तक राज्य का दर्जा वापस देने के साथ विधानसभा चुनाव नहीं कराए जाते तब तक भाजपा की गलत नीतियों के चलते लोगों को देखते हुए सामना करना पड़ेगा। उन्हें सभी लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि वे आपसी भाईचारा बनाए जाने के साथ राज्य की बेहतरी के लिए गुलाम नबी आजाद की पार्टी का साथ दें। पूर्व मंत्री ने कहा कि जम्मू शहर को माॅर्डन बनाया जा रहा, लेकिन दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्र के लोगो की अनदेखी की जा रही है। केंद्र सरकार को बिना समय गंवाए राज्य का दर्जा बहाल करने के साथ विधानसभा के चुनाव कराए जाने के लिए कहा।
कार्यक्रम में सेवानिवृत शिक्षक जय सिंह, अर्जुन सिंह, मोहिंद्र चौधरी, मास्टर सतपाल, गुरदयाल सिंह, रंजीत चिब, अशोक चौधरी आदि ने कहा कि राज्य के सभी वर्ग के लोगों को एक और महंगाई दूसरी और युवा वर्ग के लोगों को रोजगार नही मिलने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं द्वारा लोगो की दिक्कतों का समाधान करने बजाए बढ़ोतरी की जा रही है। इस दौरान लोहड़ी मिलन कार्यक्रम में पहुंचे पार्टी के कार्यकर्ताओं सहित बच्चों के साथ लोहड़ी मनाए जाने के साथ अग्नि जलाकर नमन करने के साथ मूंगफली एवं रेवड़ी आदि का प्रसाद का वितरण किया।
सैनिक समाज सभा ने लोहड़ी मिलन कार्यक्रम को रद कर कुपवाड़ा में 10 जनवरी को शहीद हुए सैनिकों को दी श्रद्धांजलि
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। सैनिक समाज सभा खौड़ ने लोहड़ी पर्व पर लोहड़ी मिलन कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी की थी, लेकिन इसेे रद्द कर दिया। सभा के सेवानिवृत्त सैनिकों ने कुपवाड़ा के माछल सेक्टर में 10 जनवरी को एक नियमित परिचालन कार्य का हिस्सा रहे सेना के तीन सैनिक जो खाई में फिसलने से शहीद हो गए उनको याद करते हुए श्रद्धांजलि सभा की।
इस मौके पर सभा के चेयरमैन सेवानिवृत्त सुबेदार मेजर फरजूल सिंह, कैप्टन सुखदेव सिंह मन्हास, नायब सुबेदार गुलबदन सिंह भाऊ सहित कई रिटायर्ड सैनिक उपस्थित रहे। जिन्होंने बताया कि लोहड़ी के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया और इस मौके पर उन तीन सैनिकों की शहादत को याद किया गया जो 10 जनवरी की शाम 5:30 कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में शहीद हो गए। इसमें नायब सूबेदार पुरुषोत्तम कुमार, हवलदार अमरीक सिंह, सिपाही अमित शर्मा शामिल हैं। सभा की तरफ से इन वीर जवानों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी गई और भगवान से प्रार्थना की गई कि इन शहीदों के परिजनों को शक्ति प्रदान करे। सेवानिवृत्त सैनिकों की तरफ से सेना के प्रति नारेबाजी की गई।
-
घरों और मंदिरों में की पूजा अर्चना
अखनूर। सीमावर्ती क्षेत्र में लोहड़ी आस्था और धूमधाम से साथ मनाई गई। इस अवसर पर लोगों ने घरों और मंदिरों में पूजा अर्चना करके भगवान से परिवार के लिए शांति दुआएं मांगी। मंदिरों में विशेष रूप से कार्यक्रम का आयोजन किया और भंंडारे लगाया गए। वहीं लोगों ने अपने सगे संबंधियों को गिफ्ट भेंट कर लोहड़ी की मुबारकबाद दी। बारिश के चलते बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रहने पर दुकानदार और स्टाल लगाने वाले की ब्रिकी कम रही।
युवाओं ने नाच गाना गाकर लोगों के घरों में जाकर लोहड़ी मांगी। कस्बा सहित अनेक गांवों के चौराहों में लोहड़ी जल करके लोहड़ी की मुबारकबाद लोगों को दी। रोहित शर्मा ने बताया लोहड़ी धूमधाम के साथ मनाया और भगवान से देशवासियों को सुखशांति की प्रार्थना की। संवाद