जम्मू में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोग।
- फोटो : ANI
कोरोना वायरस का कहर इस समय पूरी दुनिया में फैला है और वर्तमान में इससे अभी निपटने का एक मात्र तरीका है सोशल डिस्टेंसिंग। इसी बात को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने देश में 21 दिनों के लॉकडाउन का आदेश दिया है। लेकिन अभी भी कुछ लोग ऐसे हैं जो इसकी गंभीरता को नहीं समझ रहे और सड़कों पर नजर आ रहे है। जम्मू में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। लेकिन जम्मू-कश्मीर में ऐसा करने वालों को पुलिस ने एक अलग तरीके से इस बात को समझाया।
बुधवार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को स्थानीय पुलिस ने सड़क पर कुछ दूरी पर बनाए गए घेरों में बैठाया ताकि वो समझ सके कि यह कितना जरूरी है। पुलिस की ओर से हिदायत दी जा रही है कि लोगों से दूरी बनाए रखे और लॉकडाउन का पालन करें। इतना ही नहीं ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जा रही है।
पुलिस इसलिए सख्त कदम उठा रही है ताकि लोग अपने घरों में ही रहें। इतना ही नहीं पुलिस की ओर से लोगों को मुर्गा बनाया जा रहा है या फिर उठक-बैठक करवाई जा रही है। कुछ लोगों को पुलिस ने समझाकर घर भी भेजा और उनसे आगे लॉकडाउन के समय में घर से बाहर न निकलने की अपील की।