कोरोना से लगातार गंभीर होती जा रही स्थिति को देखते हुए जम्मू-कश्मीर सरकार ने हॉटस्पॉट बने जम्मू समेत चार जिलों में लॉकडाउन और 72 घंटे बढ़ा दिया है। अब जम्मू, श्रीनगर, बारामुला व बडगाम में वीरवार छह मई सुबह सात बजे तक लॉकडाउन रहेगा। पहले सरकार ने सभी जिलों में सोमवार तीन मई सुबह सात बजे तक लॉकडाउन घोषित किया था। इस बीच लॉकडाउन में शामिल जिलों समेत सभी 20 जिलों में नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा।
सरकार की ओर से शनिवार देर शाम आदेश जारी कर कहा गया कि तीन मई को समाप्त हो रहा कोरोना कर्फ्यू चार जिलों में छह मई की सुबह छह बजे तक बढ़ा दिया गया है। एक अन्य आदेश में कहा गया कि सभी 20 जिलों में नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। यह म्यूनिसिपल और शहरी निकाय सीमा के अंतर्गत आने वाले इलाकों पर प्रभावी रहेगा। नाइट कर्फ्यू में वे चार जिले भी शामिल हैं जहां लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाया गया है।
लॉकडाउन से बाहर रहने वाले जिलों में व्यावसायिक व अन्य प्रतिष्ठान खुलेंगे
लॉकडाउन की परिधि से बाहर शेष 16 जिलों में लॉकडाउन की अवधि तीन मई सुबह सात बजे खत्म होगी। इन जिलों में तय निर्देशावली व जारी पाबंदियों के तहत व्यावसायिक व अन्य प्रतिष्ठान खुलेंगे। हालांकि इन जिलों में रात आठ से सुबह सात बजे तक नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा।