केंद्र सरकार के अनलॉक -1 की व्यवस्था जम्मू-कश्मीर में आठ जून तक जारी नहीं होगी। प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन 4.0 की गाइडलाइन की मियाद 8 जून तक बढ़ा दी है। मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रमण्यम ने रविवार को आदेश जारी कर कहा कि केंद्र की गाइडलाइन को जम्मू-कश्मीर में लागू करने से पूर्व पूरे हालात की समीक्षा करनी होगी।
विस्तृत चर्चा के बाद ही जम्मू-कश्मीर में जारी पाबंदियों में ढील या परिवर्तन पर फैसला किया जाएगा। लिहाजा प्रदेश आपदा प्रबंधन की राज्य कार्यकारी कमेटी की ओर से 19 और 24 मई 2020 को जारी गाइडलाइन ही प्रभावी रहेगी।
रविवार को जारी आदेश में मुख्य सचिव ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लॉकडाउन को 17 से 31 मई तक बढ़ाया था। केंद्रीय गृह सचिव ने 30 जून तक की व्यवस्था के लिए नई गाइडलाइन जारी की हैं। प्रदेश में इन गाइडलाइन को कैसे अमल में लाया जाए, इसके लिए विस्तृत चर्चा और हालात की समीक्षा करनी होगी। जोन वार व्यवस्था बनाने के लिए पर्याप्त समय की जरूरत है। ऐसे में जम्मू-कश्मीर में लॉकडाउन 4.0 की गाइडलाइन को 8 जून तक जारी रखा जाएगा।