-सुबह का हादसा, बाल-बाल बचा परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। गांव ढिंडे खुर्द में आसमानी बिजली गिरने से एक घर का छत क्षतिग्रस्त हो गया। पंखे, कूलर सहित अन्य बिजली उपकरण जल गए। हादसे में परिवार बाल-बाल बचा।
गांव ढिंडे खुर्द के संसार चंद ने बताया कि सोमवार सुबह वह पत्नी के साथ रसोई में खाना बना रहे थे। अचानक से जोरदार धमाका हुआ। बाहर आकर देखा तो सीढ़ियों पर कंक्रीट बिखरा है। मकान के ऊपर आसमानी बिजली गिरने से गड्ढा बन गया था। रसोई घर के बिल्कुल ऊपर छत पर बिजली गिरी है। धमाके के साथ घर की बिजली भी गुल हो गई। बिजली के तारों के साथ ही पंखे, कूलर, एसी, फ्रिज आदि उपकरण भी जल गए। उन्होंने बताया कि बिजली गिरने से उनका बड़ा नुकसान हुआ है।