जम्मू नागरिक सचिवालय में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए सामान्य प्रशासनिक विभाग ने अन्य विभागों से 186 कर्मचारियों को जम्मू सचिवालय के विभिन्न विभागों में तैनाती भी करवा दी हैं। नागरिक सचिवालय जम्मू और राजभवन में रंग रोगन कर उसे सजा दिया गया है।
नौ नवंबर से उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता सहित कई अहम विभागों के प्रशासनिक सचिव जम्मू से प्रशासनिक कामकाज संभालेंगे। दोनों संभागों को बराबर की प्राथमिकता के लक्ष्य के साथ उप-राज्यपाल ऐसा करेंगे। हालांकि दरबार मूव की 1872 से चल रही परंपरा के बंद होने के बाद नागरिक सचिवालयों के कर्मचारी जहां काम कर रहे हैं, वहीं से करेंगे।
सामान्य प्रशासनिक विभाग के आयुक्त सचिव मनोज कुमार द्विवेदी का कहना है कि दरबार मूव तो इस बार नहीं होगा। कश्मीर से कर्मचारी जम्मू नागरिक सचिवालय में नहीं आएंगे। लेकिन जिस तरह से अब तक उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा मुख्य तौर पर श्रीनगर राजभवन व नागरिक सचिवालय से कामकाज देख रहे थे और जम्मू में भी नियमित आधार पर दौरे कर रहे थे। वैसे ही वह अब जम्मू से कामकाज करेंगे और श्रीनगर के नियमित दौरे करते रहेंगे।