उत्तरी सेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी बुधवार को लद्दाख दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने लद्दाख की पहली सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट रिगजिन कोरोल मुलाकात की। लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सभी बाधाओं को पार कर लद्दाख की पहली महिला अधिकारी बनने और अपने पति के सपने को साकार करने के लिए लेफ्टिनेंट रिगजिन की सराहना की।
विज्ञापन
लद्दाख स्काउट्स में तैनात राइफलमैन रिगजिन खंडप के शहीद होने के बाद उनकी पत्नी रिगजिन छोरोल ने चुनौतियों का सामना करते हुए अपने पति के पदचिह्नों पर चलने का फैसला किया था। रिगजिन लद्दाख की पहली महिला हैं, जो सेना में अधिकारी बनी हैं।
सेना अकादमी से पासआउट होने के बाद सेना की आर्मी सप्लाई कोर में अधिकारी बनी रिगजिन छोरोल की पहली पोस्टिंग लद्दाख में हुई है। उनका प्रशिक्षण 12 दिसंबर 2021 को शुरू हुआ था। वह गत वर्ष अक्टूबर महीने में पासआउट होने के बाद सेना की सप्लाई कोर की अधिकारी बनी थीं।
विज्ञापन
उत्तरी कमान ने लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी और लेफ्टिनेंट रिगजिन कोरोल की भेंट की तस्वीर को सोशल मीडिया पर साझा किया है। इसे साझा करते हुए उत्तरी कमान ने लिखा, ' लद्दाख से महिलाओं के लिए एक आइकन का सम्मान। उतरी सेना कमांडर ने सभी बाधाओं को पार कर लद्दाख की पहली महिला अधिकारी बनने और अपने पति के सपने को साकार करने के लिए लेफ्टिनेंट रिगजिन कोरोल की सराहना की।'