कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में ड्रग एंड फूड कंट्रोल आर्गनाइजेशन कश्मीर की टीमों ने जांच अभियान चलाकर दवाई की दुकानों पर छापेमारी की। बाढ़ के पानी से खराब हो चुकी घटिया दवाइयों की बिक्री की शिकायतों पर यह अभियान चलाया गया। इसमें नियमों के तहत दोषी पाए गए तीन दवाई विक्रेताओं के लाइसेंस तीन से छह दिन के लिए निलंबित कर दिए गए।
टीमों ने मौके पर कई खराब दवाइयों को नष्ट किया। ड्रग एंड फूड कंट्रोल आर्गनाइजेशन की टीमों ने अनंतनाग, वेरीनाग, नोपुर, काकपोरा, राहमू, नदाखी, हाजीन, वुसान, कंगन, सुहामा, गांदरबल, अलसतेंग, पांडुच, पोरू, बीके पोरा (चदोरा), मोचू, करालपोरा, गोपालपोरा, बुगाम, बारामुला, कुपवाड़ा, जवाहर नहर, बेमिना, हैदरपोरा, बरजुला, सनत नगर, नौगाम, बटमालू, सिविल सचिवालय डिस्पेंसरी, ड्रग स्टोर एसएमएचएस, जेवीसी, प्रांतीय स्टोर बरजुला, इंडियन रेडक्रास सोसायटी एक्सचेंज रोड श्रीनगर का दौरा किया।
इसमें 163 दवाइयों की दुकानों की जांच में एम/एस गिलानी मेडिकल स्टोर वेरीनाग, जुनेद मेडिकल स्टोर वेरीनाग और रिहान मेडिकल स्टोर बेमिना को नियमों का उल्लंघन करने पर तीन से छह दिन के लिए लाइसेंस निलंबित कर दिए। जांच में इन प्रतिष्ठानों पर सफाई का भारी अभाव पाया गया। जांच टीम ने बाढ़ से खराब हुई दवाइयों को भी सीज करके उन्हें मौके पर नष्ट कर दिया।
लोगों से ऐसी शिकायतों को विभाग के पास पहुंचाने की अपील की गई। आर्गनाइजेशन के अधिकारियों के अनुसार भविष्य में अभी ऐसा अभियान जारी रखा जाएगा। इसमें खासकर बाढ़ से खराब हुई दवाइयों की बिक्री कर रहे दुकानदारों पर सख्ती की जाएगी।