कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालु बाबा तालाब में आस्था की डुबकी लगाएंगे। मेले में सजे बाजार भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कहीं महिलाओं के शृंगार का सामान बिक रहा है तो कहीं बच्चों के खिलौने, गुब्बारे, गर्म कपड़े और खानपान के स्टॉल लोगों को लुभा रहे हैं। दूसरी ओर स्थानीय लोगों और धार्मिक संस्थाओं ने श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह लंगर लगाए हैं। प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और अन्य सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
मेले की रौनक से चमका कारोबार दुकानदारों की कमाई हुई दोगुनी
ऐतिहासिक झिड़ी मेले में आस्था के साथ स्थानीय कारोबार भी खूब चमक रहा है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं के कारण मेला परिसर और आसपास के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। खाने-पीने से लेकर मनियारी और अन्य सामान की बिक्री में तेजी आने से छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों के चेहरे खिल उठे हैं। कई कारोबारियों की कमाई सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुनी तक हो गई है। उन्हें आस है कि आने वाले दिनों में कारोबार बढ़ेगा।