उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में रेल बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी में सुधार लाने और केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को कई रेलवे परियोजनाएं समर्पित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 85,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
पीएम मोदी ने श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र और सांबा में गति शक्ति टर्मिनल का उद्घाटन किया। साथ ही प्रधानमंत्री ने अनंतनाग, अवंतीपोरा, बनिहाल, बारामुला, बडगाम, जम्मू, काजीगुंड, कटड़ा, श्रीनगर, बिजबेहड़ा, कठुआ, पंपोर, पट्टन, काकापोरा, पंजगाम, सदूर में 'वन स्टेशन वन प्रोडक्ट' (ओएसओपी) स्टॉल भी जनता को समर्पित किए। साथ ही मझोम रेलवे स्टेशन और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्तरां का लोकार्पण किया।
उपराज्यपाल ने कहा कि श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र (पीएमबीजेके) के खुलने से यात्रियों को किफायती कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं और कई लोगों के लिए आजीविका के अवसर सुनिश्चित होंगे। प्रदेश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर शुरू किए गए 'वन स्टेशन वन प्रोडक्ट' (ओएसओपी) के स्टॉल सीमांत वर्गों के कारीगरों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर प्रदान करेंगे।
ओएसओपी इन क्षेत्रों की समृद्ध विरासत को बढ़ावा देगा और यह 'वोकल फॉर लोकल' और 'एक जिला एक उत्पाद अभियान' को भी मजबूत करेगा। ये स्टॉल यात्रियों को प्रामाणिक स्थानीय वस्तुओं का अनुभव करने और खरीदने का अवसर प्रदान करेंगे।
माननीय प्रधान मंत्री ने सांबा में गति शक्ति टर्मिनल और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्तरां का भी उपहार दिया है। गति शक्ति टर्मिनल पूरे क्षेत्र में परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने और सामान की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।