बिलावर। राज्यपाल के सलाहकार केके शर्मा से पंचायत प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं के बारे में बताया। शर्मा ने लोगों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क समेत अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। कहा कि ग्रामीण इलाके की समस्याओं को गंभीरता के साथ लिया जा रहा है।
सोमवार को सलाहकार इलाके के भड्डू गांव पहुंचे। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। सरपंच जगदीश चंद्र सपोलिया ने शर्मा को बताया कि फिंतर चौक से भड्डू गांव जाने वाली सड़क का विस्तारीकरण होना है। लंबा समय बीतने के बाद भी ठेकेदार ने काम शुरू नहीं करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने गांव मे बनने वाले सरकारी गेस्ट हाउस को जल्द तैयार करवाने की मांग की। सलाहकार शर्मा ने दोनों मांगों पर जल्द कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की खस्ता हालत के बारे में बताया। कहा कि कई महीने से यहां कोई चिकित्सक तैनात नहीं है। इससे लोगों को सुविधा नहीं मिल रही है। एंबुलेंस समेत अन्य उपकरण खराब पड़े हैं। सलाहकार ने पीएचसी का निरीक्षण कर लोगों से चिकित्सक की तैनाती और अन्य व्यवस्था ठीक करवाने की बात कही। इस अवसर पर कई पंचायत प्रतिनिधियों ने गांव के चरौली में बनाई गई सड़क के किनारे पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण करने की मांग रखी। गांव के प्राचीन तालाब को पर्यटन विभाग के अधीन लाने को कहा। पंचायत के पंच कमल चोपड़ा, हुकुमचंद, बोधराज, अब्दुल गनी, सुभाष चंद्र सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य पंडित जगदीश सहित उपस्थित रहे।