कोरोना की दूसरी लहर के पीक पर जाने के बाद अब धीरे-धीरे हालात सामान्य हो रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में सोमवार को करीब दो महीने 56 दिन बाद एक हजार से कम 977 नए संक्रमित मामले सामने आए। इससे पहले 12 अप्रैल को 991 मामले मिले थे, जिसके बाद संक्रमित मामलों का ग्राफ लगातार ऊपर जाता गया और ये कई हजारों में रहा।
विज्ञापन
इस बीच पिछले चौबीस घंटे में 16 और लोगों की मौत हो गई, इसमें जम्मू संभाग में सात मौतें हुई हैं। प्रदेश में ब्लैक फंगस का एक और मामला मिला है, अब तक जम्मू-कश्मीर में 16 ऐसे मामले मिल चुके हैं। सोमवार को जीएमसी जम्मू में 3, एमएच सतवारी में 1, डीएच किश्तवाड़ में 2, सीएच उधमपुर में 1, एसएमएचएस श्रीनगर में 1, स्किम सोरा में 1, जीएमसी बारामुला में 4, सीडी अस्पताल श्रीनगर में 1 और जीएमसी अनंतनाग में 1 व्यक्ति की कोविड से मौत हो गई।
श्रीनगर में सर्वाधिक 161 नए संक्रमित मामले मिले, जबकि जिला जम्मू में 100, बड़गाम में 103, कुपवाड़ा में 107 मामले मिले हैं, जबकि अन्य जिलों में नए संक्रमित मामलों का आंकड़ा 100 की संख्या से कम है। वहीं दूसरी ओर 4178 मरीजों ने कोरोना को मात दी। अब 23524 सक्रिय केस रह गए।