जम्मू। प्रदेश में कोरोना के नए आंकड़े राहत दे रहे हैं। पिछले दो माह के बाद प्रदेश में शनिवार को 900 से कम मामलों के साथ 866 नए संक्रमित मिले हैं। इससे पहले गत अप्रैल के मध्य में 900 से अधिक मामले आए थे, जिसके बाद यह आंकड़ा लगातार ऊपर चलता गया। प्रदेश के 12 जिलों में शनिवार को 50 से कम कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। इस बीच पिछले चौबीस घंटे में जम्मू कश्मीर में 14 और लोगों ने दम तोड़ दिया। इसमें जम्मू संभाग में 8 मौतें हुई हैं।
कोविड की दूसरी लहर में शनिवार को जीएमसी जम्मू में करीब दो माह के बाद चौबीस घंटे में किसी संक्रमित मरीज की मौत नहीं हुई है। हालांकि तीन दिन पहले बीसी रोड से मिले भिखारी के शव में कोविड संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसी तरह जीएमसी राजोरी में 2, आईवीवाई अस्पताल अमृतसर में 1, सीएचसी भद्रवाह में 1, डीएमसी लुधियाना में 1, जनरल अस्पताल राजोरी में 1, घर और मृत लाए मामलों में 2, एसएमएचएस श्रीनगर में 3, डीएच गांदरबल में 1, जीएमसी अनंतनाग में 1 और जीएमसी बारामुला में 1 मरीज की मौत हुई है। जिला जम्मू में शनिवार को 34 ही संक्रमित मामले मिले, जिसमें 1 यात्री है। इस जिले में प्रदेश में सर्वाधिक 115 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। इसी तरह उधमपुर में 18, राजोरी में 32, डोडा में 45, कठुआ में 12, सांबा में 20, किश्तवाड़ में 5, पुंछ में 29, रियासी में 20, शोपियां में 8, कुलगाम में 37, गांदरबल में 31, बांदीपोरा में 34 संक्रमित मामले मिले। श्रीनगर में सर्वाधिक 164 नए मामले मिले। प्रदेश में वर्तमान में 16284 मामले सक्रिय हैं। जबकि 4174 लोगों की मौत हो चुकी है।
---
2153 संक्रमित मरीज ठीक हुए
जम्मू-कश्मीर के विभिन्न अस्पतालों में शनिवार को 2153 संक्रमित मरीज ठीक हुए। इसमें जम्मू संभाग से 707 और कश्मीर संभाग से 1446 मरीज ठीक हुए हैं। अब तक प्रदेश में 286180 मरीज ठीक हो चुके हैं, जिसमें 93 फीसदी तक मौजूदा रिकवरी दर है।
ब्लैक फंगस का एक और मामला
जम्मू कश्मीर में कोविड के साथ ब्लैक फंगस के मामलों का आना जारी है। शनिवार को प्रदेश में ब्लैक फंगस का एक और मामला मिला। अब तक जम्मू कश्मीर में 19 ब्लैक फंगस के मामले मिल चुके हैं, जिसमें कई पीड़ितों की मौत हुई है।