जम्मू। आतंकी हमलों के विरोध में बार एसोसिएशन व यंग लायर एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों ने जिला कोर्ट कांप्लेक्स के बाहर प्रदर्शन किया। वकीलों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की और जम्मू संभाग में बढ़ते आतंकी हमलों पर रोष जताया। साथ ही बलिदानियों के परिवारों के प्रति सांत्वना व्यक्त की।
वकीलों ने बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जानी चाहिए। आतंकी संगठनों को कड़ा जवाब दिया जाना चाहिए। बार के अध्यक्ष निर्मल कोतवाल ने शहीदों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की मांग की। जोर दिया कि जम्मू-कश्मीर में अशांति और हिंसा को बढ़ावा देने में पाकिस्तान की लगातार संलिप्तता न केवल क्षेत्र में बल्कि पूरे देश में शांति और सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी गतिविधियों को तत्काल अंकुश लगाने के प्रयास होने चाहिए।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन सुरक्षा बलों के साथ एकजुटता में खड़ी है। आतंकवाद को खत्म करने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है। युवा वकील संघ के पदाधिकारियों में भागीरथ सिंह, हितेश कौल और सुशील थापा भी शामिल थे, जिन्होंने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।
बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बलदेव सिंह, महासचिव प्रदीप मजोत्रा, संयुक्त सचिव अंशु महाजन और कोषाध्यक्ष राहुल अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने हमले की कड़ी निंदा की है।