अमर उजाला ब्यूरो/ब्यूरो
श्रीनगर/उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार को बंद रहा। भारी बारिश के चलते रामबन और बनिहाल क्षेत्र में कई जगह भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं हुईं। वहीं, थर्ड इलाके में पहाड़ी धसने से हाईवे मलबे में तब्दील हो गया है। मुगल रोड और सिंथन पास भी बंद है। इसके चलते घाटी का शेष देश से सड़क संपर्क पूरी तरह से कट गया है। हाईवे दो दिन से बंद है।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सड़क बहाली का काम असुरक्षित हो गया है जिससे यात्रियों की सुरक्षा के लिए यातायात रोकना पड़ा है। लगातार जारी बारिश के कारण बनिहाल के हिंगनी, सैलगाड़ी, नाचिलाना, रामसु, गांगरू, मगरकोट सहित रामबन जिले के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन शूटिंग स्टोन की वजह से राजमार्ग को काफी नुकसान पहुंचा है। बुधवार को भी दोपहर बाद मूसलाधार बारिश से थर्ड सहित कई अन्य इलाकों में भी मलबा गिरने का सिलसिला जारी था। मलबा अधिक आने से राजमार्ग को बहाल होने में अभी दो से तीन दिन ओर लग सकते हैं। वहीं राजमार्ग पर फंसे ट्रक चालकों को विभिन्न सामाजिक संगठनों सहित पुलिस भी खानपान की सामग्री वितरित कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जोजिला दर्रे पर बजरी नाले में भूस्खलन हुआ है। इससे श्रीनगर-लेह मार्ग हाईवे बंद हो गया है। लगातार बारिश के कारण मलबा हटाने का काम बाधित हो रहा है। मुगल रोड और सिंथन रोड भी भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण बंद कर दिए गए हैं।
डीएसपी ट्रैफिक उधमपुर-रामबन जतिंद्र सिंह ने बताया कि वीरवार को मौसम साफ होने पर यातायात बहाल हो पाएगा। उधमपुर में फंसी अधिकतर छोटी गाड़ियों को वापस लौटा दिया गया है। उधमपुर से फ्लाटा तक लगभग 500 के करीब बढ़े वाहन रुके हुए हैं।