जम्मू। जम्मू में मानसून की तेज बारिश आफत लेकर आई। रविवार बीती रात से तड़के तक हुई जोरदार बारिश से सर्कुलर रोड किनारे का एक हिस्सा धंसकर नाले में जा गिरा। इससे सड़क पर खड़े किए तीन वाहन भी नाले में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए। जीएमसी परिसर के साथ सटी दीवार भी ढह गई। गनीमत रही कि ये हादसे रात के समय हुए अगर सुबह में होते तो जानी नुकसान भी हो सकता था। बारिश से शहर के कई इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया। कई कच्चे ढांचे गिरने की भी सूचना है। जगह-जगह भारी जलभराव से आवाजाही में दिक्कतें हुईं।
रविवार देर रात से तेज बारिश शुरू हुई, जिससे कुछ ही देर में निचले इलाकों में पानी भर गया। गलियों और नालियों से पानी निकलकर लोगों के घर में जा घुसा। शहर के त्रिकुटा नगर एक्सटेंशन, आंबेडकर नगर क्षेत्र में कई फुट तक पानी भर गया। तमाम कोशिशों के बावजूद लोग पानी को घरों के भीतर आने से नहीं रोक पाए। इसी तरह तालाब तिल्लो, राजेंद्र नगर, शांति नगर, डिग्यिाना आदि क्षेत्रों में भी भारी जलभराव से लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। आईआईआईएम के क्वार्टरों में कई फुट तक पानी जमा हो जाने से लोग घरों से बाहर तक नहीं निकल पाए। कई खड़े वाहन पानी में डूबे नजर आए। फायर ब्रिगेड के वाहनों से पाइप लगाकर पानी को निकाला गया। पंजतीर्थी-सिद्दड़ा मार्ग पर दो जगह पस्सियां गिर गईं, लेकिन इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। यह मार्ग वाहनों की आवाजाही से चौबीस घंटे व्यस्त रहता है। मगर देर रात पस्सियां गिरने से हादसा नहीं हुआ। सर्कुलर रोड का एक हिस्सा धंसने की सूचना लोगों को सुबह मिली। तब तक तीन वाहन गहरे नाले में जा गिरे थे। बाद में लोगों ने पहुंचकर अन्य वाहनों को वहां से निकाला। पुलिसकर्मियों की ओर से सड़क पर तारबंदी करके वाहनों की आवाजाही एकतरफा की गई।