जम्मू संभाग के कठुआ, राजोरी और डोडा में नए मेडिकल कालेजों की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों के बाद कालेजों के लिए जगह खोजने का काम किया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य सरकारी विभागों से भूमि अधिग्रहण पर काम किया जाएगा।
इस प्रक्रिया के बाद ही ढांचे के लिए केंद्र सरकार की ओर से पहली किस्त में राशि जारी होगी। स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डा. बलजीत सिंह पठानिया का कहना है कि कठुआ और राजोरी कालेजों के लिए जगह की शिनाख्त की गई है।
जिसमें कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। रियासत में पांच नए मेडिकल कालेजों में जम्मू संभाग के अलावा कश्मीर संभाग में अनंतनाग और बारामुला में दो कालेज बनाए जाने हैं। नए कालेजों के ढांचे का निर्माण होने के बाद मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया से हरी झंडी मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
नए मेडिकल कालेजों के साथ प्रस्तावित पांच जिला अस्पतालों को अपग्रेड करके 200 बेड से 300 बेड किया जाना प्रस्तावित है। इसमें प्रति जिला अस्पताल पर 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।