कुपवाड़ा के पुंजवा गांव में लगी आग बुझाने के बाद मौके पर लोग। संवाद
माैके पर पहुंची प्रशासनिक टीम, पीड़ित परिवारों को कंबल और एक महीने का राशन वितरित
कुपवाड़ा। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के पुंजवा गांव में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात भीषण आग लग गई। आग से पांच घर जलकर राख हो गए साथ ही अन्य इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे की जानकारी पर मंगलवार को प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत के तौर पर कंबल और एक महीने का राशन दिया।
अधिकारियाें के अनुसार सोमवार देर रात लगी आग से पांच घरों और आसपास की इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। रात में आग तेजी से फैली जिससे घर, गोशालाएं और अखरोट के पेड़ जल गए। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से दमकल गाड़ियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से गांव के मोहम्मद जमाल, अब्दुल राशिद तेली, गुलाम कादिर भट, मोहम्मद रमज़ान मीर और अब्दुल रहमान मीर के घर पूरी तरह से जल गए हैं। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना में संपत्ति का काफी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
मंगलवार को उपायुक्त श्रीकांत बालासाहिब सुसे के निर्देश पर तहसीलदार डॉ. कासिर बशीर के नेतृत्व में एक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। पांचों प्रभावित परिवारों को रसोई के सामान, तिरपाल, कंबल और एक महीने का अग्रिम राशन सहित अंतरिम आर्थिक सहायता दी। पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और एसडीआरएफ मानदंडों के तहत तत्काल आधार पर राहत स्वीकृत करने के लिए संपत्ति के नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए।