कुपवाड़ा जिले में पुलिस ने 60 वाहनों और 300 से अधिक यात्रियों को रेस्क्यू किया है। जेकेडीएमए ने डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन, बारामुला, कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिलों में हिमस्खलन होने की संभावना जताई है।
हिमस्खलन की चेतावनी के बीच कश्मीर घाटी के कुपवाड़ा जिले में पुलिस ने 60 वाहनों और 300 से अधिक यात्रियों को रेस्क्यू किया है। जिले के साधना टॉप से खूनी नाला के बीच फंसे यात्रियों को पुलिस ने सुरक्षित स्थान पहुंचा दिया है। जम्मू और कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जेकेडीएमए) ने गुरुवार को अगले 24 घंटों के लिए सात जिलों में ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
विज्ञापन
जेकेडीएमए ने कहा कि डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन, बारामुला, कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिलों में समुद्र तल से 2400 से 3200 मीटर ऊपर कम खतरे का हिमस्खलन होने की संभावना है। इस दौरान इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को एहतियात बरतने और अगले आदेश तक हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।